राजगढ़, 12 मार्च 2026।
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर देहात ब्यावरा थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक अज्ञात पिकअप वाहन की टक्कर से पैदल जा रहे 40 वर्षीय युवक की मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुना बायपास स्थित छाबड़ा होटल के सामने तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप वाहन ने कान्हा पुत्र निर्भयसिंह यादव निवासी सांडाहेड़ी को टक्कर मारी। हादसे में कान्हा के सिर में गंभीर चोटें लगने से उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल ब्यावरा भेज दिया। मृतक कान्हा यादव विवाहित थे और उनकी दो छोटी बेटियां हैं। वह महाकाल ट्रेवल्स एजेंसी के संचालक भी थे और स्वयं वाहन चलाकर व्यवसाय करते थे।
पुलिस के अनुसार, कान्हा देर रात अपने गांव पैदल लौट रहे थे तभी यह दुर्घटना हुई। टक्कर के बाद पिकअप वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
देहात ब्यावरा थानाप्रभारी प्रवीण जाट ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मर्ग कायम कर प्रकरण दर्ज किया गया है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन की तलाश जारी है।



