मुंबई, 12 मार्च 2026।
बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान अपने बेटे जुनैद खान की आगामी फिल्म 'एक दिन' को लेकर चर्चा में हैं, जो एक मई को रिलीज होगी और इसमें साई पल्लवी मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। हाल ही में ट्रेलर लॉन्च के मौके पर आमिर ने अपने बेटे के स्वभाव और करियर से जुड़ी कई बातें साझा कीं।
आमिर ने बताया कि जुनैद अपने फिल्मी प्रोजेक्ट्स के चुनाव में उनसे सलाह नहीं लेते और अपने फैसले खुद करते हैं। उन्होंने कहा कि जुनैद ने अब तक दो फिल्में साइन की हैं और अपने फैसलों में स्वतंत्र है, जो बहुत अच्छी बात है।
बचपन से ही जुनैद का शतरंज का शौक रहा है। आमिर ने बताया कि उन्होंने चार साल की उम्र में शतरंज खेलना सिखाया था और करीब 14 साल बाद जब जुनैद 18 साल के हुए तो उन्होंने पहली बार अपने पिता को हराया। अब अक्सर जुनैद ही जीतते हैं।
आमिर ने यह भी कहा कि स्वभाव के मामले में जुनैद काफी हद तक उनके जैसा है। उसे सिनेमा, पटकथा और संपादन की अच्छी समझ है और वह अपने फैसलों पर डटा रहने वाला इंसान है। आमिर ने यह भी बताया कि वह घर में सख्त पिता बनने की बजाय बच्चों के साथ दोस्ताना रिश्ता रखते हैं और इरा खान और आजाद राव खान के साथ भी उनका रिश्ता काफी सरल और मित्रवत है।



