मुंबई, 10 मार्च।
रणवीर सिंह की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। हाल ही में जारी ट्रेलर ने दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है, जिसका असर एडवांस बुकिंग में साफ तौर पर दिखाई दे रहा है। 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली इस फिल्म के पहले दिन को शानदार बनाने के लिए निर्माता टिकट की कीमतें अलग-अलग वर्गों के हिसाब से रख रहे हैं।
टिकट की कीमत में बड़ा अंतर देखा जा रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्म के सबसे महंगे और सबसे सस्ते टिकटों की कीमत में काफी अंतर है। प्रीव्यू शो के लिए अधिकतम कीमत 2,900 रुपये रखी गई है, जिसमें दर्शकों को इनोक्स मेगाप्लेक्स में रिक्लाइनर वाली प्रीमियम सीट दी जाएगी। वहीं, दक्षिण भारत में टिकट की कीमतें काफी कम हैं। इजीएस में पर्ल श्रेणी के लिए शुरुआती कीमत केवल 59 रुपये बताई गई है।
एडवांस बुकिंग में लाखों टिकट बिक चुके हैं। ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्म के प्रीमियर शो के लिए अब तक भारत में 2,37,000 से अधिक टिकट बिक चुके हैं। इससे घरेलू स्तर पर करीब 13.75 करोड़ रुपये की कमाई हो चुकी है, जबकि आरक्षित सीटों को जोड़ने पर यह आंकड़ा लगभग 19.46 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
फिल्म का पेड प्रिव्यू 18 मार्च को होगा। निर्देशक आदित्य धर की इस फिल्म में रणवीर सिंह के अलावा संजय दत्त, आर माधवन और अर्जुन रामपाल भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।



