मुंबई, 19 फरवरी।
फिल्म निर्माता विपुल अमृतलाल शाह की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'द केरल स्टोरी 2 – गोज बियॉन्ड' अब पैन-इंडिया स्तर पर दर्शकों तक पहुंचने के लिए तैयार है। मेकर्स ने फिल्म को हिंदी के साथ-साथ तेलुगु और कन्नड़ भाषाओं में भी रिलीज करने का निर्णय लिया है और इन भाषाओं में ट्रेलर भी जारी कर दिए गए हैं, जिससे फिल्म का दायरा और व्यापक हो गया है।
सनशाइन पिक्चर्स के बैनर तले बनी यह फिल्म क्षेत्रीय सीमाओं को पार कर पैन-इंडिया दर्शकों तक अपनी पहुंच बनाएगी। फिल्म का उद्देश्य केवल हिंदी बेल्ट तक सीमित न रहकर साउथ भारतीय बाजारों में भी मजबूत पकड़ बनाना है।
फिल्म का निर्देशन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता कामाख्या नारायण सिंह ने किया है, जो संवेदनशील और सामाजिक विषयों पर आधारित फिल्मों के लिए प्रसिद्ध हैं। उनकी फिल्म 'भोर' को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली थी, जबकि डॉक्यूमेंट्री 'जस्टिस डिलेड बट डिलीवर्ड' ने नेशनल अवॉर्ड हासिल किया।
हाल ही में रिलीज हुए हिंदी ट्रेलर को दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली है। फिल्म में उल्का गुप्ता, अदिति भाटिया और ऐश्वर्या ओझा मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगी। उनके किरदारों के पोस्टर पहले ही दर्शकों में चर्चा का विषय बन चुके हैं, जो कहानी की गंभीरता और भावनात्मक गहराई को दर्शाते हैं।
मेकर्स का मानना है कि पहले भाग की सफलता और देशभर में उठी बहस को देखते हुए फिल्म को कई भाषाओं में रिलीज करना जरूरी था, ताकि इसकी कहानी ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचे। 'द केरल स्टोरी 2 – गोज बियॉन्ड' 27 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी और उम्मीद की जा रही है कि यह अपने पहले भाग की तरह दर्शकों के बीच चर्चा और संवाद को फिर से जन्म देगी।



