मुंबई, 14 फरवरी।
बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह को फिर से रंगदारी की धमकी भरा ऑडियो क्लिप मैसेज भेजा गया है, जिसकी जांच मुंबई पुलिस कर रही है।
जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने शनिवार को बताया कि रणवीर सिंह को तीन मिनट की ऑडियो क्लिप के माध्यम से धमकी भरा मैसेज मिला। शुक्रवार देर शाम भेजा गया यह मैसेज बॉक्सर से गैंगस्टर बने हरि चंद जाट उर्फ हैरी बॉक्सर द्वारा भेजा गया बताया जा रहा है। क्लिप में सिंह को चेतावनी दी गई कि अगर वे "लाइन में नहीं रहे" और उसकी मांगें पूरी नहीं कीं तो उनकी टीम गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। आरोपी ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का वफादार साथी होने का दावा किया और रणवीर सिंह को सबक सिखाने की धमकी दी।
मैसेज में कहा गया कि गैंग को हल्के में लेने पर उन्हें खत्म कर दिया जाएगा और उनके पास फिल्मी हस्तियों के बारे में हर तरह की जानकारी मौजूद है। ऑडियो क्लिप में पुर्तगाल की एक टेलरिंग की दुकान में हुई फायरिंग की जिम्मेदारी भी ली गई और दावा किया कि सुनील मीणा के साथ मिलकर यह हमला किया गया क्योंकि दुकान का मालिक भारतीय प्रवासी मजदूरों का शोषण कर रहा था।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि वॉयस क्लिप असली है या नहीं, यह पता लगाने के लिए उसे फोरेंसिक साइंस लैब भेजा गया है। हैरी बॉक्सर की आवाज़ के सैंपल भी भेजे गए हैं। आरोपी ने पहले भी रणवीर सिंह को धमकी दी थी और उनसे 01 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी।



