बागपत, 21 फ़रवरी ।
उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल पीयूष ने शुक्रवार शाम को अपने गांव आजमपुर मूलसम में सर्विस पिस्टल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
पीयूष को 2018-19 में अनुकंपा कोटे से दिल्ली पुलिस में नियुक्त किया गया था। घटना के समय वह शराब के नशे में था। परिजन कई बार समझाने के बावजूद वह नहीं माना।
गंभीर हालत में पीयूष को पहले बड़ोत के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, बाद में हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन देर शाम उसकी मौत हो गई।
दोघट थाना पुलिस ने घटनास्थल से सर्विस पिस्टल जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी सूर्यदीप सिंह ने बताया कि शराब के नशे में होने के कारण पीयूष ने यह कदम उठाया।



