बाराबंकी, 07 मार्च।
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के घूंघटेर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक युवक का शव गांव के बाहर खेत में मिलने से सनसनी फैल गई। युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ मौके से साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि युवक की बहन की शादी पांच दिन बाद होने वाली थी।
अपर पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि गांव के बाहर मिले शव की पहचान छविनाथ के पुत्र मिथुन रावत (20) के रूप में हुई है। 12 मार्च को मिथुन की बहन की शादी तय थी और परिवार में तैयारियां चल रही थीं। शनिवार सुबह जब मिथुन का शव गांव के बाहर मिला तो यह खबर मिलते ही शादी वाले घर में मातम छा गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार शाम मिथुन के मोबाइल पर किसी का फोन आया था, जिसके बाद वह घर से निकल गया था। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिवार के लोग चिंतित हो गए। शनिवार सुबह उसका शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के गर्दन, सीने और हाथ पर कई वार के निशान पाए गए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान मृतक के परिजनों ने गांव के ही एक विशेष समुदाय के व्यक्ति पर हत्या का आरोप लगाया है।
परिजनों का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से रंजिश चली आ रही थी। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।



