पूर्वी चंपारण, 11 फरवरी।
घोड़ासहन थाना क्षेत्र के ढाका-घोड़ासहन मुख्य मार्ग पर महादेवा गांव के समीप मंगलवार देर रात भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बारात में शामिल होने जा रही एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और वह लगभग 20 मीटर दूर जा गिरा। हादसे में सवार तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान राजपुर थाना क्षेत्र के विनोद प्रसाद (55), उनके चचेरे भाई अनिल प्रसाद (35) और उपमुखिया गजेंद्र दास (40) के रूप में हुई है। तीनों एक ही गांव के निवासी बताए गए हैं।
परिजनों के मुताबिक, विनोद प्रसाद के पुत्र का विवाह घोड़ासहन के एक मैरेज हॉल में था। सभी लोग राजेपुर से बारात में शामिल होने के लिए स्कॉर्पियो से जा रहे थे। महादेवा के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार और अनियंत्रित गाड़ी को साइड देने के प्रयास में चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे वाहन पेड़ से जा टकराया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पेड़ से टकराने के बाद स्कॉर्पियो हवा में उछलकर करीब 20 मीटर दूर जा गिरी और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। चालक का एयरबैग खुल जाने से उसकी जान बच गई, लेकिन वह घटना के बाद से लापता है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
सूचना मिलते ही घोड़ासहन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।



