पूर्वी सिंहभूम, 13 मार्च।
बिष्टुपुर पोस्ट ऑफिस के पास शुक्रवार सुबह एक ठेले पर सोए हुए अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हलचल मच गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना के संबंध में स्थानीय दुकानदार बबन यादव ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 50 वर्ष के आसपास प्रतीत हो रही थी। वह पिछले करीब दस वर्षों से इस इलाके में कचरा बीनकर अपना जीवन यापन करता था और अक्सर आसपास की दुकानों के बाहर रात में सो जाया करता था।
बताया गया है कि पास में लिट्टी बेचने वाले शुक्ला जी का ठेला करीब एक साल से बंद पड़ा है। मृतक अक्सर रात में उसी ठेले पर सोया करता था। शुक्रवार सुबह जब स्थानीय लोगों की नजर उस पर पड़ी तो वह अचेत अवस्था में पड़ा हुआ था। पास जाकर देखने पर लोगों को पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मृतक संभवतः ओडिशा का रहने वाला हो सकता है, हालांकि उसकी सही पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मृतक की पहचान करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।




