जगदलपुर, 17 फरवरी।
छत्तीसगढ़ के चित्रकोट जलप्रपात के पावन तट पर 18 फरवरी से दो दिवसीय चित्रकोट महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इसे राज्य शासन और छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के सहयोग से रजत महोत्सव के रूप में आयोजित किया जा रहा है। उद्घाटन समारोह 18 फरवरी को शाम 4 बजे चित्रकोट जलप्रपात ग्राउंड में होगा।
उद्घाटन के मुख्य अतिथि वन मंत्री केदार कश्यप होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता बस्तर सांसद महेश कश्यप करेंगे। इस अवसर पर अति विशिष्ट अतिथि के रूप में जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव और चित्रकोट विधायक विनायक गोयल उपस्थित रहेंगे।
महोत्सव का उद्देश्य बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करना है। उद्घाटन समारोह में दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी, बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल और जिला पंचायत बस्तर की अध्यक्ष वेदवती कश्यप सहित क्षेत्र के कई गणमान्य जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे।
इस महोत्सव में दर्शकों को बस्तर की लोककला, संगीत, नृत्य और पारंपरिक हस्तशिल्प का आनंद लेने का मौका मिलेगा। आयोजन से स्थानीय पर्यटन और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे बस्तर को एक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक केंद्र के रूप में प्रस्तुत किया जा सकेगा।



