पटना, 10 फ़रवरी।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन का पहली बार बिहार विधानसभा पहुंचने पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। सदन में सम्मान मिलने पर उन्होंने सभी विधायकों के प्रति आभार जताते हुए इसे भावुक और अविस्मरणीय क्षण बताया।
नितिन नवीन ने कहा कि यह उपलब्धि व्यक्तिगत नहीं, बल्कि वरिष्ठ नेताओं, सहयोगियों के मार्गदर्शन और आशीर्वाद का परिणाम है। उन्होंने मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्रियों, मंत्रियों और विभिन्न दलों के नेताओं का नाम लेकर धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि सदन लोकतांत्रिक मर्यादाओं, अनुशासन और जनप्रतिनिधि के दायित्वों की सीख देता है, जहां जनता की आवाज उठाने और सदन की गरिमा बनाए रखने का संतुलन जरूरी है।
मुख्यमंत्री के नेतृत्व की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि सुशासन, पारदर्शिता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सेवा भावना से उन्हें निरंतर प्रेरणा मिली है। नितिन नवीन ने विश्वास जताया कि नए दायित्व के साथ भी वे लोकतांत्रिक मूल्यों और जनसेवा को सर्वोपरि रखेंगे।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने इसे सदन के लिए गौरव का क्षण बताया। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा और सम्राट चौधरी ने इसे ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि पहली बार सदन का कोई सदस्य विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बना है। सहयोगी दलों के नेताओं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और अन्य सदस्यों ने भी बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।



