पटना, 21 फरवरी।
बिहार विधानसभा चुनाव के बाद सभी जिला इकाइयों को भंग करने वाली जन सुराज पार्टी ने संगठन के पुनर्गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसी क्रम में पार्टी ने पूर्वी चंपारण जिला इकाई की नई कमेटी की घोषणा की।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने मोतिहारी में आयोजित पत्रकार वार्ता में संगठन विस्तार की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संगठन को मजबूत और प्रभावी बनाने के लिए पूरे राज्य को 44 संगठन जिलों में विभाजित किया गया है। इन जिलों में वरीय नेताओं के साथ जिला कमेटियों का गठन किया जा रहा है।
मनोज भारती ने कहा कि संगठन जिला कमेटी क्षेत्रीय और राज्य नेतृत्व के साथ समन्वय स्थापित कर संबंधित प्रखंडों और पंचायतों में संगठन के पुनर्गठन का कार्य करेगी। कमेटी में जिले के पार्टी पदाधिकारी और वरिष्ठ सदस्य शामिल रहेंगे।
पूर्वी चंपारण संगठन जिला के लिए जारी सूची के अनुसार रवींद्र सिंह बेरूआर को जिला अध्यक्ष और अभय शर्मा को जिला महामंत्री बनाया गया है।
घोषणा के मौके पर प्रदेश संगठन महामंत्री सुभाष सिंह कुशवाहा, क्षेत्रीय संगठन प्रभारी भुवन पटेल, क्षेत्रीय संगठन विस्तारक राघवेंद्र पाठक, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी संजय ठाकुर सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



