नई दिल्ली, 16 मार्च 2026।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को स्वास्थ्य और व्यायाम के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि अच्छा स्वास्थ्य जीवन की सबसे बड़ी संपत्ति है। उन्होंने इसे बनाए रखने में नियमित व्यायाम की अहमियत बताई।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर संस्कृत में एक सुभाषित साझा किया-
“व्यायामाल्लभते स्वास्थ्यं दीर्घायुष्यं बलं सुखम्।आरोग्यं परमं भाग्यं स्वास्थ्यं सर्वार्थसाधनम्॥”
इस सुभाषित का अर्थ समझाते हुए मोदी ने कहा कि व्यायाम से उत्तम स्वास्थ्य, लंबी आयु, शक्ति और सुख की प्राप्ति होती है। उन्होंने बताया कि अच्छा स्वास्थ्य सबसे बड़ा सौभाग्य है और जीवन में सभी कार्यों की सफलता के लिए स्वस्थ शरीर की आवश्यकता होती है।
मोदी ने सभी देशवासियों के स्वस्थ और खुशहाल जीवन की कामना करते हुए कहा कि व्यायाम की भूमिका स्वास्थ्य बनाए रखने में अत्यंत महत्वपूर्ण है।



