नई दिल्ली, 16 मार्च 2026।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ओडिशा के कटक स्थित अस्पताल में आग लगने की घटना में हुई मौतों पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
राष्ट्रपति मुर्मु ने सोशल मीडिया मंच पर संदेश में कहा कि कटक के अस्पताल में हुई दुखद अग्निकांड की घटना से वे गहरे दुखी हैं। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों को सांत्वना दी और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने भी इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि बहुमूल्य जिंदगियों के नुकसान से वे अत्यंत पीड़ित हैं। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस दुर्घटना को अत्यंत पीड़ादायक बताया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के आश्रित को दो लाख रुपये तथा प्रत्येक घायल को पचास हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
उल्लेखनीय है कि ओडिशा के कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में आग लगने से दस लोगों की मौत हो गई और कई अन्य लोग घायल हुए हैं।


