भागलपुर, 11 मार्च।
जिले के घोघा थाना क्षेत्र के गोल सड़क गंगा घाट पर बुधवार को गंगा स्नान के दौरान एक महिला को बचाने के प्रयास में तीन युवकों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक और मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, गंगा स्नान के दौरान महिला अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। उसे बचाने के लिए तीन युवकों ने तुरंत गंगा में कूद लगा दी। मृतकों में शामिल हैं: नया टोला ओलपुरा निवासी नंदलाल साह के 26 वर्षीय पुत्र कृष्ण कुमार, शालिग्राम साह के 24 वर्षीय पुत्र सनी कुमार और 26 वर्षीय बॉबी कुमार।
गंगा की तेज धारा के कारण तीनों युवक डूब गए। हालांकि स्थानीय लोगों की मदद से महिला रुक्मणी देवी को सुरक्षित बाहर निकाला गया और उनका इलाज एक निजी क्लीनिक में चल रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए अपने कब्जे में ले लिया। घटना ने परिजनों और पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है।



