डिंडौरी, 05 मार्च।
मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले में एक युवक और उसकी 17 वर्षीय नाबालिग प्रेमिका ने कल्ले मड़ा पहाड़ से कूदकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
यह घटना विक्रमपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के छीरपानी और कच्छ टोला के बीच की बताई जा रही है। दोनों के शव घटना के दो दिन बाद बुधवार को मिले, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। गुरुवार को शवों का पोस्टमार्टम कराकर उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए डिंडौरी जिला अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार नाबालिग 11वीं कक्षा की छात्रा थी और रविवार दोपहर घर से निकली थी। घरवालों को लगा कि वह पास के बाजार गई होगी, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटने पर उसकी तलाश शुरू की गई। वहीं मृतक युवक राजेंद्र परस्ते के परिजनों ने बताया कि वह भी रविवार को घर से निकला था। राजेंद्र परस्ते की शादी पिछले वर्ष हुई थी। वह डिंडौरी में रहकर बिजली फिटिंग का काम करता था और 27 फरवरी को ही अपने गांव आया था।
विक्रमपुर पुलिस चौकी प्रभारी संतोष यादव के अनुसार राजेंद्र और नाबालिग आपस में रिश्तेदार थे और उनके गांव भी आसपास स्थित हैं। बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे एक मवेशी चराने वाले व्यक्ति ने परिजनों को पहाड़ के नीचे दो शव पड़े होने की जानकारी दी। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और उन्होंने विक्रमपुर पुलिस को सूचना दी।
विक्रमपुर पुलिस चौकी प्रभारी ने बताया कि शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और मामले की आगे की जांच जारी है।



