गुवाहाटी, 26 फरवरी।
असम की सोलहवीं विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच जालुकबारी विधानसभा क्षेत्र राजनीतिक दृष्टि से सबसे चर्चित बन गया है। परिसीमन के बाद इस सीट का नया स्वरूप सामने आया है, जिसमें ग्राम पंचायतों और गुवाहाटी नगर निगम के कई वार्ड शामिल किए गए हैं। इस सीट से वर्तमान मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा लगातार पांचवीं बार विधायक चुने जा चुके हैं और उनका प्रभाव अब भी अटूट माना जाता है। जालुकबारी में कुल 2,10,624 मतदाता हैं, जिनमें महिला मतदाता पुरुषों से अधिक हैं। मतदान केंद्रों की संख्या 222 से बढ़ाकर 247 कर दी गई है।
चुनावी इतिहास देखें तो जालुकबारी ने विभिन्न दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों को प्रतिनिधित्व दिया है। 2001 से डॉ. हिमंत बिस्व सरमा इस सीट पर हावी हैं। उन्होंने 2001, 2006 और 2011 में कांग्रेस के टिकट पर और बाद में भारतीय जनता पार्टी से 2016 व 2021 में जीत हासिल की। उनका लगातार विजय का सिलसिला जालुकबारी में अब भी जारी है और आगामी चुनाव में उनकी पकड़ प्रमुख राजनीतिक ध्यान का केंद्र बनी हुई है।



