मेदिनीपुर, 19 फरवरी।
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर मेदिनीपुर शहर के गोलापीचक इलाके में दीवार लेखन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि दीवार पर एक समुदाय का उल्लेख कर वोट देने की अपील की गई।
दीवार पर लिखा गया था “जन्म जब हिंदू कुल में, वोट देंगे कमल फूल को” और इसके साथ बड़े आकार में कमल का चुनाव चिन्ह बनाया गया। यह लेखन धार्मिक पहचान के आधार पर मतदान की अपील माना जा रहा है, जिस पर राजनीतिक दलों और मतदाताओं में प्रतिक्रिया तेज हुई है।
मेदिनीपुर जिला तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष और विधायक सुजय हाजरा ने इसे साम्प्रदायिक विभाजन करार दिया। वामपंथी नेताओं ने भी इसे संविधान विरोधी बताया और प्रशासन से जांच कर कार्रवाई करने की मांग की।
भाजपा के जिला उपाध्यक्ष शंकर गुच्छाइत ने कहा कि उन्हें इस लेखन के बारे में जानकारी नहीं है और इसमें किसी अन्य समुदाय को वोट न देने की अपील नहीं की गई है।
आम मतदाताओं में भी मिश्रित प्रतिक्रिया रही। मतदाता सोमी बनर्जी ने कहा कि चुनाव धार्मिक ध्रुवीकरण की दिशा में जा रहा है और वह इसे समर्थन नहीं करतीं।



