खण्डवा, 16 मार्च।
मध्य प्रदेश में इस वर्ष मनाए जा रहे कृषक कल्याण वर्ष के तहत राज्य मिलेट मिशन और तिलहन मिशन के अंतर्गत खण्डवा में सोमवार से दो दिवसीय मिलेट्स मेला और कृषक सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य मोटे अनाज यानी श्रीअन्न के उत्पादन को बढ़ावा देना और किसानों की आय में वृद्धि करना है।
कृषि उप संचालक नितेश यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्यक्रम नई कृषि उपज मंडी परिसर खण्डवा में प्रातः 11 बजे से प्रारंभ होगा। इस आयोजन के माध्यम से किसानों को श्रीअन्न के पोषण मूल्य, पारंपरिक व्यंजनों और आधुनिक खेती की तकनीकों के बारे में जानकारी दी जाएगी।
इस मेले का मुख्य उद्देश्य कोदो, कुटकी, रागी जैसे मोटे अनाजों के उत्पादन को प्रोत्साहित करना और इनके उपयोग को बढ़ावा देना है, ताकि पोषण के साथ-साथ किसानों को आर्थिक लाभ भी मिल सके।
मेले के मुख्य आकर्षण के रूप में मिलेट्स से तैयार पौष्टिक व्यंजनों की विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें कोदो, कुटकी और रागी से बने सेव, रोटी, खीर और खिचड़ी जैसे पारंपरिक और पौष्टिक खाद्य पदार्थों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके साथ ही आयोजित कृषक सम्मेलन में किसानों को उन्नत बीजों के उपयोग, जैविक खेती की विधियों और आधुनिक कृषि यंत्रों के प्रयोग के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी, जिससे वे नई तकनीकों को अपनाकर अपनी खेती को अधिक लाभकारी बना सकें।



