भोपाल, 18 फरवरी।
मध्य प्रदेश में वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में आज ग्वालियर जिले के ग्राम कुलैथ में राज्य स्तरीय प्रथम किसान सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे।
जनसम्पर्क अधिकारी हितेंद्र सिंह भदौरिया के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर में कुलैथ पहुंचकर रोड शो के माध्यम से किसानों का अभिवादन करेंगे। इसके बाद सम्मेलन स्थल पर आयोजित कृषि प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे, जिसमें उद्यानिकी, प्राकृतिक खेती और पशु नस्ल सुधार से संबंधित नवाचारों को प्रदर्शित किया जाएगा। दीप प्रज्ज्वलन के साथ सम्मेलन का औपचारिक शुभारंभ होगा।
मुख्यमंत्री इस अवसर पर लगभग 87.86 करोड़ रुपये लागत के 41 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। इनमें 66.56 करोड़ रुपये के कार्यों का लोकार्पण तथा 20.64 करोड़ रुपये के कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। साथ ही विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत किसानों को हितलाभ भी वितरित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में नरेन्द्र सिंह तोमर और सांसद भारत सिंह कुशवाह सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। सम्मेलन के दौरान पारंपरिक बैलगाड़ी दौड़ और कन्हैया लोकगीतों का आयोजन भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।



