भोपाल, 18 फरवरी।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज मुंबई क्लाइमेट वीक 2026 के विशेष सत्र की अध्यक्षता करेंगे। 17 से 19 फरवरी तक आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश की नवकरणीय ऊर्जा और ऊर्जा भंडारण से जुड़े नवाचारों का प्रस्तुतीकरण किया जाएगा।
जनसम्पर्क अधिकारी क्रांतिदीप अलूने के अनुसार मुख्यमंत्री शाम 6:30 बजे से 8:10 बजे तक बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स स्थित होटल सोफिटेल में आयोजित सत्र में प्रदेश के ऊर्जा रोडमैप पर केंद्रित प्रेजेंटेशन का नेतृत्व करेंगे। इसमें बताया जाएगा कि मध्य प्रदेश ग्रीन एनर्जी की सुलभता, विश्वसनीयता और निवेश प्रतिस्पर्धा के साथ सतत विकास की दिशा में किस प्रकार आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम का उद्देश्य भारत में जलवायु संबंधी पहलों को गति देने के लिए एक राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराना है। इस दौरान राज्यों के नवाचारों, स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन और जलवायु अनुकूल इकोसिस्टम पर हितधारकों के साथ संवाद होगा। कार्यक्रम में देश-विदेश के नीति-निर्माता, अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ, निवेशक और क्लाइमेट क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ शामिल होंगे।



