भोपाल, 21 फरवरी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज दतिया जिले के सेवढ़ा में 532 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का उद्घाटन करेंगे।
जनसंपर्क अधिकारी निहारिका मीना ने बताया कि कार्यक्रम में सिंध नदी पर नव निर्मित सेतु का लोकार्पण मुख्य आकर्षण होगा। इसके अलावा, सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बसई सहित अन्य विकास कार्य भी समर्पित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव सनकुआ धाम के द्वारिकाधीश मंदिर में पूजन-अर्चन करेंगे। कृषि उपज मंडी प्रांगण सेवढ़ा में 299.32 करोड़ रुपये की लागत से पूरा किए गए 53 विकास कार्यों का लोकार्पण और 233.24 करोड़ रुपये के 21 नए कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभ वितरित किया जाएगा।



