भोपाल, 26 फरवरी।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज सागर जिले के प्रवास पर रहेंगे और गढ़ाकोटा में आयोजित रहस मेले के शुभारंभ समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
गढ़ाकोटा रहस लोकोत्सव 2026 के अंतर्गत आज मेला मैदान में बुंदेलखंड स्तरीय किसान एवं ग्रामीण-शहरी आजीविका समूहों का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव किसानों और आजीविका समूहों को संबोधित करेंगे और सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना की जनवरी पेड राशि फरवरी 2026 में हितग्राहियों के खातों में अंतरित करेंगे।
सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत प्रति हितग्राही प्रतिमाह 600 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। इस बार मुख्यमंत्री द्वारा लगभग 32 लाख से अधिक हितग्राहियों के खातों में 196.72 करोड़ रुपये का वितरण सिंगल क्लिक के माध्यम से किया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जबलपुर डुमना एयरपोर्ट से दोपहर 3.30 बजे हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होंगे और सायं 4.05 बजे गढ़ाकोटा हेलीपैड पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम उपरांत सायं 5.10 बजे हेलीकॉप्टर से डुमना एयरपोर्ट, जबलपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।



