मुंबई, 12 मार्च 2026।
मुंबई में गुरुवार सुबह विधान भवन, उच्च न्यायालय और अन्य तीन जगहों को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने तुरंत इन स्थानों की गहन छानबीन की, लेकिन कहीं से कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। ईमेल भेजने वाले का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बताया कि ईमेल में विधान भवन के अलावा बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज, मेट्रो, हाई कोर्ट और कुछ बैंकों का भी जिक्र था। इस दौरान बजट सत्र चल रहा था, इसलिए सभी कर्मचारियों, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को गेट पर रोका गया। पुलिस ने डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते के साथ पूरे परिसर में गहन जांच की, लेकिन कहीं कोई खतरा नहीं पाया गया। शिंदे ने कहा कि मुंबई पूरी तरह सुरक्षित है।
गृह राज्य मंत्री पंकज भोईर ने बताया कि पुलिस ईमेल आईडी की जांच कर रही है और भेजने वाले का पता लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह फर्जी ईमेल था और घबराने की कोई जरूरत नहीं है।
विधान भवन सूत्रों के अनुसार ईमेल में खालिस्तान समर्थक संदेश लिखा था और इसमें इंजीनियर गुरनाख सिंह और रुकन शाहवाला के नाम दर्ज थे। अधिकारियों ने सतर्कता बरतते हुए सुरक्षा उपाय और जांच प्रक्रिया को तेज कर दिया है।



