किम्बरली, 17 फरवरी।
तीसरे और अंतिम अंतरराष्ट्रीय टी-20 मुकाबले में फातिमा सना के हरफनमौला प्रदर्शन की बदौलत पाकिस्तान ने दक्षिण अफ्रीका को 53 रन से हराकर सांत्वना जीत दर्ज की। हालांकि तीन मैचों की श्रृंखला मेजबान दक्षिण अफ्रीका ने 2-1 से अपने नाम की।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान की शुरुआत खराब रही। मुनीबा अली और गुल फिरोजा सस्ते में पवेलियन लौट गईं और टीम ने 10 रन पर दो विकेट गंवा दिए। इसके बाद आयशा जफर (19) और सिदरा अमीन (26) ने पारी संभाली और पावरप्ले समाप्त होने तक स्कोर 46 रन तक पहुंचाया।
मध्यक्रम में लगातार विकेट गिरने से टीम 73 रन पर पांच विकेट गंवाकर दबाव में आ गई। ऐसे में फातिमा सना और आलिया रियाज ने छठे विकेट के लिए 45 गेंदों पर 69 रन की अहम साझेदारी की। सना ने आक्रामक अंदाज में 30 गेंदों पर नाबाद 47 रन बनाए, जिसमें चार चौके और दो छक्के शामिल रहे। निर्धारित 20 ओवर में पाकिस्तान ने सात विकेट पर 144 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत भी लड़खड़ा गई। सना ने ताजमिन ब्रिट्स और कप्तान लॉरा वोल्वार्ड्ट को आउट कर टीम को झटका दिया। सादिया इकबाल ने तीन विकेट लेकर मेजबान टीम की कमर तोड़ दी। छह ओवर में ही दक्षिण अफ्रीका 36 रन पर चार विकेट खो बैठा।
नादिन डी क्लर्क (27) और एनेरी डर्कसन (30) ने 50 रन की साझेदारी कर उम्मीद जगाई, लेकिन 85 रन पर डर्कसन के रन आउट होते ही टीम बिखर गई। अंतिम पांच विकेट सात रन के भीतर गिर गए और पूरी टीम 16.5 ओवर में 91 रन पर सिमट गई। मैरीज़ान कैप अस्वस्थ होने के कारण बिना बल्लेबाजी किए मैदान से बाहर रहीं।
संक्षिप्त स्कोरपाकिस्तान – 20 ओवर में 144/7दक्षिण अफ्रीका – 16.5 ओवर में 91 रन
पाकिस्तान ने मैच 53 रन से जीता, जबकि दक्षिण अफ्रीका ने श्रृंखला 2-1 से अपने नाम की।



