रायपुर, 13 फ़रवरी।
प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत विकासखंड गौरेला की ग्राम पंचायत अंधियारखोह के निवासी जगदीश बैगा के पक्के घर का सपना अब साकार हो गया है। उन्हें वर्ष 2023-24 में पक्के आवास की मंजूरी दी गई थी।
योजना से पहले जगदीश बैगा अपने परिवार के साथ कच्चे मकान में रहते थे। कच्चे मकान में रहना उनके लिए मुश्किल भरा था, क्योंकि उन्हें जंगली कीड़े-मकोड़े, सांप और बिच्छू का खतरा हमेशा सताता था। बरसात के मौसम में छत से पानी टपकने के कारण परिवार को परेशानी का सामना करना पड़ता था। सीमित आय के कारण पक्का मकान बनाना उनके लिए केवल सपना ही रह गया था।
प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत आवास निर्माण से अब जगदीश बैगा के जीवन में बड़ा बदलाव आया है। वे अब अपने परिवार के साथ सुरक्षित और सम्मान के साथ पक्के घर में निवास कर रहे हैं। पीएम जनमन आवास योजना जरूरतमंद परिवारों के जीवनस्तर सुधार का एक सशक्त माध्यम साबित हो रही है।



