राजिम।
राजिम कुंभ कल्प मेला के बारहवें दिन गुरुवार को मुख्य मंच पर सुरों की महफिल सजेगी। छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय गायक सुनील सोनी अपनी मधुर आवाज से श्रद्धालुओं और दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। उनके गीतों में छत्तीसगढ़ की माटी की महक, लोकसंस्कृति की झलक और भावनाओं की गहराई का अनूठा संगम देखने को मिलता है।
कार्यक्रम में रायपुर की शिल्पा सिंह आकर्षक कत्थक नृत्य प्रस्तुत करेंगी। वहीं बेमेतरा के संतोष कुमार घोरबंधे अपनी टीम के साथ लोक कला मंच पर झमाझम लोकनृत्य की छटा बिखेरेंगे।
कार्यक्रम संयोजक पुरुषोत्तम चंद्राकर के अनुसार, मुख्य मंच के साथ स्थानीय मंच पर भी विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। इनमें गरियाबंद के पीपरछेड़ी के चंदन कुमार का आदिवासी नृत्य, भाठागांव की अनिता साहू का जगराता, राजिम की रानी मिरी का पंथी नृत्य, नवापारा के परमेंद्र कुमार का शिव भजन और अन्य कलाकारों की प्रस्तुतियां शामिल हैं।
राजीव लोचन मंदिर के समीप पुराने महोत्सव स्थल पर भी भजन, मानसगान और सतनाम भजन की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। आयोजन समिति ने अधिक से अधिक लोगों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।



