नई दिल्ली, 18 फरवरी।
रणजी ट्रॉफी के इतिहास में बुधवार को जम्मू-कश्मीर ने अपना पहला फ़ाइनल सुनिश्चित किया। सेमीफाइनल में बंगाल को छह विकेट से हराकर जम्मू-कश्मीर ने इतिहास रच दिया। यह मुकाबला कल्याणी स्थित बंगाल क्रिकेट अकादमी मैदान पर खेला गया।
मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बंगाल की टीम पहली पारी में 328 रन बनाकर ऑल आउट हुई। जवाब में जम्मू-कश्मीर 302 रन पर सिमट गई। बंगाल को पहली पारी के आधार पर 26 रन की बढ़त मिली। लेकिन दूसरी पारी में बंगाल केवल 99 रन पर ढेर हो गई और मैच का संतुलन बदल गया।
जम्मू-कश्मीर की जीत में आकिब नबी का प्रदर्शन ऐतिहासिक रहा। उन्होंने कुल नौ विकेट लिए और पहली पारी में 42 रन की अहम पारी खेली। नबी और सुनील कुमार ने मिलकर विपक्ष को दबाव में रखा।
126 रन के आसान लक्ष्य का पीछा करते हुए वंशज शर्मा ने नाबाद 43 रन बनाकर छक्का जड़कर टीम को जीत दिलाई। वहीं अब्दुल समद ने भी 30 रन बनाकर योगदान दिया।
पूरा सत्र नबी के नाम रहा। क्वार्टर फ़ाइनल में मध्य प्रदेश के खिलाफ उन्होंने 12 विकेट लेकर टीम को 56 रन से जीत दिलाई थी।
अब फाइनल में जम्मू-कश्मीर का मुकाबला संभावित रूप से कर्नाटक से होगा। यह उपलब्धि राज्य के क्रिकेट इतिहास में मील का पत्थर मानी जा रही है।



