हैदराबाद, 25 फरवरी 2026
अभिनेत्री रश्मिका मंदाना और अभिनेता विजय देवरकोंडा के विवाह समारोह की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और इसकी झलकियां सोशल मीडिया पर सामने आ रही हैं। इस खास आयोजन को कपल ने बेहद निजी रखा है, जहां केवल कुछ चुनिंदा मेहमानों को ही आमंत्रित किया गया है। उनकी शादी दो अलग-अलग पारंपरिक रीति-रिवाजों से संपन्न होगी, जिससे उनकी सांस्कृतिक विविधता की झलक देखने को मिलेगी।
सूत्रों के अनुसार 26 फरवरी की सुबह रश्मिका और विजय तेलुगु हिंदू परंपरा के अनुसार विवाह बंधन में बंधेंगे। इसके बाद शाम के समय कोडवा समुदाय की परंपराओं के अनुसार एक और समारोह आयोजित किया जाएगा, जो रश्मिका की पारिवारिक जड़ों को समर्पित होगा। शादी से पहले एक विशेष रस्म में विजय की मां माधवी देवरकोंडा ने अपनी होने वाली बहू को पारिवारिक परंपरा के अनुसार खानदानी चूड़ियां भेंट कीं। उल्लेखनीय है कि इस कपल ने 22 फरवरी को सोशल मीडिया के माध्यम से अपने रिश्ते को आधिकारिक रूप से सार्वजनिक किया था।
शादी समारोह में साउथ फिल्म इंडस्ट्री के कुछ करीबी लोग शामिल हो रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार निर्देशक थारुन भास्कर, अभिनेत्री ईशा रेब्बा और स्टाइलिस्ट श्राव्या वर्मा समारोह का हिस्सा बन चुके हैं। इसके अलावा फिल्म 'द गर्लफ्रेंड' से जुड़े राहुल रविंद्रन और आशिका रंगनाथ भी इस खास शादी समारोह में शामिल हुए हैं।



