कानपुर, 11 मार्च।
उत्तर प्रदेश के कानपुर जनपद के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को पुलिस और लुटेरों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक शातिर लुटेरे सुमित कुमार के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी आदित्य सोनकर मौके से फरार हो गया। घायल बदमाश को उपचार के लिए कल्याणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। पुलिस फरार आरोपित की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
घटना की पृष्ठभूमि में बंबा रोड निवासी कुसुम तीन मार्च को गृहस्थी का सामान खरीदने बाजार गई थीं। इस दौरान महाराणा प्रताप स्कूल के पास दो स्कूटी सवार युवकों ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन लूट ली और फरार हो गए। पीड़िता की तहरीर पर कल्याणपुर थाने में अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने घटना के खुलासे के लिए मुखबिर तंत्र और सर्विलांस की मदद से कई अहम सुराग जुटाए। बारासिरोही नहर पुल के पास पुलिस ने संदिग्ध स्कूटी सवार युवकों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन दोनों युवक भागने लगे। पीछा करने पर स्कूटी के पीछे बैठे बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग की।
पुलिस ने रक्षात्मक कार्रवाई करते हुए जवाबी फायर किया, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस उपायुक्त पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश की पहचान सुमित कुमार के रूप में हुई है। उसके पास से एक देसी तमंचा, कारतूस, 9200 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद हुई है। सुमित कुमार पर लूट के चार मुकदमे दर्ज हैं। फरार बदमाश की पहचान आदित्य सोनकर के रूप में हुई है और उसकी तलाश जारी है।



