कोलकाता, 27 फरवरी 2026।
शुक्रवार दोपहर पश्चिम बंगाल एक बार फिर तेज भूकंप के झटकों से कांप उठा। दोपहर करीब 1:20 बजे कोलकाता और आसपास के जिलों में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में भारी दहशत फैल गई और लोग तुरंत घरों तथा दफ्तरों से बाहर निकलकर सड़कों पर आ गए। कई लोगों ने कहा कि उन्होंने पहले कभी इतना तेज कंपन महसूस नहीं किया था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.9 से 5 के बीच मापी गई। हालांकि कुछ मोबाइल अलर्ट में इसकी तीव्रता पांच दर्ज की गई। ऊंची इमारतों में रहने वाले लोगों ने झटकों को अधिक तेज महसूस किया। भूकंप का कंपन लगभग एक मिनट तक महसूस किया गया, जिससे लोगों में घबराहट का माहौल बन गया।
सूत्रों के अनुसार यह भूकंप केवल बंगाल तक सीमित नहीं रहा बल्कि पड़ोसी देश बांग्लादेश में भी इसके झटके महसूस किए गए। कोलकाता में भूकंप की तीव्रता 3.6 रिकॉर्ड की गई जबकि बांग्लादेश में यह 5.5 दर्ज की गई। प्रारंभिक तौर पर भूकंप का केंद्र बांग्लादेश के खुलना क्षेत्र में बताया जा रहा है।
पश्चिम बंगाल के नदिया, हुगली, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, उत्तर और दक्षिण 24 परगना तथा सुंदरबन क्षेत्र में भी तेज झटके महसूस किए गए। भूकंप के बाद कुछ देर तक लोगों में भय का माहौल बना रहा और कई स्थानों पर लोग एहतियात के तौर पर खुले स्थानों पर खड़े नजर आए।
हालांकि अब तक कहीं से भी जान-माल के नुकसान की कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।



