पुणे, 25 फरवरी 2026
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के नेता शरद पवार के स्वास्थ्य में सुधार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। चिकित्सकों ने उन्हें कुछ दिनों तक आराम करने की सलाह दी है। इसके बाद वह पुणे से मुंबई के लिए रवाना हो गए। शरद पवार को छाती में संक्रमण होने के कारण 9 फरवरी को पुणे स्थित रूबी क्लीनिक अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, मुख्य हृदय रोग विशेषज्ञ एवं अस्पताल के अध्यक्ष डॉक्टर पुरवेज ग्रांट ने बताया कि शरद पवार की हालत अब ठीक है और उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। चिकित्सकों ने उन्हें अभी कुछ दिन आराम करने की सलाह दी है, जिसके बाद वह अपनी सामान्य दिनचर्या शुरू कर सकेंगे।
शरद पवार को अस्पताल से लेने के लिए उनकी बेटी एवं सांसद सुप्रिया सुले पहुंचीं। सुप्रिया सुले ने चिकित्सकों और अस्पताल प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके पिता की तबीयत अब स्थिर है और वह मुंबई में आराम करेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि शरद पवार का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण मुंबई स्थित ब्रीचकैंडी अस्पताल में कराया जाएगा।



