वाराणसी, 07 फरवरी।
आईसीसी टी-20 विश्वकप को लेकर धर्मनगरी काशी में क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह चरम पर है। भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में आयोजित टूर्नामेंट का आगाज शनिवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत और अमेरिका के मुकाबले से होगा। पहले ही मैच से पहले काशी में टीम इंडिया की जीत के लिए विशेष प्रार्थना की गई।
नमामि गंगे टीम और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने दशाश्वमेध घाट पर मां गंगा की आरती उतारकर भारतीय टीम की विजय की कामना की। इस दौरान क्रिकेटरों के चित्र, बल्ला और गेंद के साथ राष्ट्रध्वज लहराते हुए शंखनाद किया गया। “भारत माता की जय”, “चक दे इंडिया” और “हिंदुस्तान जीतेगा” जैसे नारों से घाट क्षेत्र गूंज उठा। युवाओं ने सामूहिक रूप से टीम इंडिया के अजेय अभियान की कामना की।
राज्य स्तरीय क्रिकेट खिलाड़ी एवं नगर निगम के ब्रांड एम्बेसडर राजेश शुक्ला ने कहा कि भारतीय टीम सभी लीग मुकाबले जीतकर फाइनल में पहुंचे, इसके लिए मां गंगा और बाबा विश्वनाथ से आशीर्वाद मांगा गया है। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ देशवासियों की उम्मीदें टीम इंडिया से जुड़ी हैं।
उधर, अमेरिकी टीम भी मजबूत प्रदर्शन के साथ टूर्नामेंट में उतरी है। पिछले वर्ष नौ में से आठ मुकाबले जीतने वाली टीम को दूसरे अभ्यास मैच में न्यूजीलैंड ने महज सात रन से हराया था। कप्तान मोनांक पटेल के साथ साइतेजा मुक्कमल्ला और मिलिंद कुमार बल्लेबाजी में अहम भूमिका निभा सकते हैं, जबकि गेंदबाजी में नेत्रवलकर, हरमीत और रंजने पर नजर रहेगी।



