वाराणसी, 07 मार्च।
ज्योर्तिमठ के शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद जी महाराज ने शनिवार को वाराणसी स्थित श्रीविद्या मठ से गौ रक्षा के समर्थन में “गौ प्रतिष्ठार्थ धर्म युद्ध” यात्रा की शुरुआत की।
यह यात्रा शनिवार को वाराणसी से शुरू होकर जौनपुर पहुंचेगी। इसके बाद यह यात्रा सुल्तानपुर, रायबरेली, उन्नाव, हरदोई और सीतापुर से होते हुए 11 मार्च को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुंचेगी। लखनऊ में यात्रा का समापन एक बड़ी जनसभा के साथ किया जाएगा।
यात्रा के शुभारंभ के मौके पर शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद जी महाराज ने कहा कि हिंदू समाज में गाय को माता के समान सम्मान दिया जाता है। उन्होंने कहा कि सरकार से भी मांग की जा रही है कि गाय को उसी प्रकार का दर्जा दिया जाए।
उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य को लेकर “गौ प्रतिष्ठार्थ धर्म युद्ध” यात्रा निकाली जा रही है, जो बड़े समूह के साथ लखनऊ पहुंचकर जनसभा के रूप में संपन्न होगी।



