वाराणसी, 21 फरवरी।
प्रशासन की बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रतिनिधिमंडल के दालमंडी में दुकानदारों से मिलने की घोषणा के बाद शनिवार की सुबह सपा के कई नेताओं को स्थानीय थाना पुलिस ने नजरबंद कर दिया।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल पूर्व प्रत्याशी पूजा यादव और दिलशाद ने पत्रकारों को बताया कि रात से ही उनके मकानों के बाहर पुलिस ने पहरा दिया हुआ था और उन्हें दालमंडी जाने से रोका जा रहा है।
पूर्व मंत्री सुरेंद्र पटेल, पूर्व प्रत्याशी कामेश्वर दीक्षित उर्फ किशन, पूर्व प्रत्याशी अशफाक अहमद और एमएलसी आशुतोष सहित अन्य नेताओं को भी नजरबंद किया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर कुछ अन्य बड़े नेताओं को भी एहतियात के तौर पर रोका गया है।
दालमंडी के पीड़ित दुकानदारों ने कहा कि वे स्वयं प्रतिनिधिमंडल में शामिल नेताओं से मिलने जाएंगे।



