वाराणसी, 18 फरवरी।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाएं बुधवार से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गईं। पहले दिन हिन्दी विषय की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
मैदागिन स्थित हरिश्चंद्र बालिका इंटर कॉलेज में परीक्षा देने पहुंची छात्राओं का स्वागत उत्सव की तरह किया गया। कॉलेज की प्रधानाचार्या डॉ. प्रियंका तिवारी और शिक्षिकाओं ने छात्राओं पर पुष्पवर्षा की, तिलक लगाया और मिठाई खिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया।
प्रधानाचार्या ने बताया कि हाईस्कूल की छात्राओं के लिए यह पहली बड़ी बोर्ड परीक्षा होती है। ऐसे में उनके मन से तनाव दूर करने और सकारात्मक माहौल देने के उद्देश्य से यह पहल की गई। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए विद्यालय प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि 12 मार्च तक चलने वाली परीक्षाओं के लिए जिले में कुल 117 केंद्र बनाए गए हैं। इस वर्ष हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में कुल 92,277 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इनमें 46,300 हाईस्कूल और 45,977 इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राएं शामिल हैं।
नकल पर रोक के लिए सभी केंद्रों को सीसीटीवी निगरानी में रखा गया है। क्वींस इंटर कॉलेज में बनाए गए कमांड सेंटर से परीक्षा की मॉनिटरिंग की जा रही है। जिले को 12 सेक्टर और 8 जोन में बांटकर सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। शिवपुर स्थित सेंट्रल जेल में भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है।



