वाराणसी, 11 फरवरी।
उत्तर प्रदेश के सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के अंतर्गत विश्वविद्यालय परिसर स्थित खेल मैदान में बुधवार से अन्तर संकाय वार्षिक खेल-कूद प्रतियोगिता का आगाज हुआ। प्रतियोगिता के प्रथम दिन एथलेटिक्स के अंतर्गत गोला फेंक और चक्का फेंक स्पर्धाओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
गोला फेंक पुरुष वर्ग में रवि दीक्षित ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अंकित मिश्रा द्वितीय और प्रशान्त मिश्रा तृतीय रहे। महिला वर्ग में अर्चना मौर्या ने पहला स्थान हासिल किया। रीना कुमारी द्वितीय और शर्मिष्ठा आर्या तृतीय स्थान पर रहीं।
चक्का फेंक पुरुष वर्ग में बृजेश तिवारी प्रथम, रहीश मिश्रा द्वितीय तथा अंकित मिश्रा तृतीय स्थान पर रहे। महिला वर्ग में भी अर्चना मौर्या ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि रीना कुमारी द्वितीय और शर्मिष्ठा आर्या तृतीय रहीं। प्रतियोगिता का संचालन विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा एवं क्रीड़ा विभाग के प्रभारी व सचिव डॉ. सत्येन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में किया जा रहा है।
प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल-कूद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का प्रभावी माध्यम है। इससे शारीरिक क्षमता के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व कौशल का भी विकास होता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।
डॉ. सत्येन्द्र कुमार यादव ने कहा कि खेलों में भागीदारी से लक्ष्य प्राप्ति की प्रेरणा मिलती है और जीत आत्मविश्वास को बढ़ाती है। खेल तनाव कम करने और मानसिक सुदृढ़ता बढ़ाने का भी माध्यम हैं। उन्होंने जानकारी दी कि प्रतियोगिता में कबड्डी, वॉलीबॉल, शतरंज और बैडमिंटन सहित अन्य खेलों का भी आयोजन किया जाएगा।



