वाराणसी, 18 फरवरी।
उत्तर प्रदेश के वाराणसी में गंगा नदी में हाल में हुए हादसे के बाद बुधवार को सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। नमामि गंगे के सदस्यों ने घाटों पर पर्यटकों और नाविकों से लाइफ जैकेट पहनकर ही नाव यात्रा करने की अपील की।
श्री काशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार पर ध्वनि विस्तारक यंत्र के माध्यम से लोगों को सचेत किया गया कि वे अपनी और परिवार की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें तथा अत्यधिक भीड़ से बचें। अभियान के दौरान मेक्सिको से आए विदेशी पर्यटकों ने भी सहभागिता की।
नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने नावों पर सवार श्रद्धालुओं से लाइफ जैकेट अनिवार्य रूप से पहनने और नाव की निर्धारित क्षमता के अनुसार ही बैठने का आग्रह किया। साथ ही गंगा तट की स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प भी दिलाया गया।
अभियान में निशिता, सुधाकर अजीत, कृष्णा सहित कई नाविकों ने भाग लिया। आयोजकों ने कहा कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोपरि है और इसके लिए जागरूकता जरूरी है।



