मुंबई, 14 फ़रवरी।
'हिंद-दी-चादर' के नाम से मशहूर श्री गुरु तेग बहादुर साहिबजी की 350वीं शहीदी वर्षगांठ के मौके पर ठाणे महानगर पालिका के अलग-अलग स्कूलों में पब्लिक अवेयरनेस गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। विद्यार्थियों तक उनके त्याग, बलिदान और भक्ति का संदेश पहुँचाने के उद्देश्य से आयोजित इन प्रोग्राम्स में विद्यार्थियों और शिक्षकों में उत्साह और जिज्ञासा देखने को मिल रही है।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को गुरु तेग बहादुर साहिबजी के जीवन और उनके कार्यों के बारे में विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
ठाणे शहर में श्रीमती आनंदीबाई केशव जोशी स्कूल के विद्यार्थियों ने जागरूकता बढ़ाने के लिए सुबह जुलूस निकाला। इसके साथ ही ठाणे मनपा स्कूल नंबर 130 के विद्यार्थियों ने भी नारों के माध्यम से समुदाय में जागरूकता पैदा की। इस मौके पर छात्रों को गुरु तेग बहादुर साहिबजी के जीवन की प्रेरक घटनाओं से अवगत कराया गया और स्कूलों में उनके जीवन पर आधारित एक छोटी फिल्म भी दिखाई गई।
इन जन-जागरूकता गतिविधियों का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को गुरु तेग बहादुर साहिबजी द्वारा मानवता की रक्षा और समाज सेवा के लिए किए गए त्याग, समर्पण और योगदान की जानकारी देना है, साथ ही राष्ट्रीय एकता और सामाजिक मूल्यों को बनाए रखना है।



