संपादकीय
27 Feb, 2026

बदलते रिश्तों का भयावह सच

लखनऊ सहित कई राज्यों में सामने आई हालिया घटनाओं ने पारिवारिक रिश्तों में बढ़ती दूरी और युवाओं की बदलती मानसिकता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। यह लेख संवादहीनता, डिजिटल प्रभाव और सामाजिक परिवर्तन के संदर्भ में उभरते पारिवारिक संकट का विश्लेषण करता है।

मां-बाप को भी सतर्क रहने की जरूरत है
कभी तहज़ीब, नफ़ासत और अदब का पर्याय रहे लखनऊ से आई एक खबर ने पूरे समाज को झकझोर दिया। एक बेटे ने अपने ही कारोबारी पिता की निर्मम हत्या कर शव के टुकड़े-टुकड़े कर ड्रम में भर दिए। वजह मामूली थी—पढ़ाई पर ध्यान देने की सीख। यह घटना केवल एक आपराधिक वारदात नहीं, बल्कि बदलते सामाजिक ताने-बाने पर खड़ा होता बड़ा सवाल है—क्या अब मां-बाप को अपने ही बच्चों से सतर्क रहने का वक्त आ गया है?
दुर्भाग्य यह है कि यह कोई एकाकी घटना नहीं। बीते एक वर्ष में देश के अलग-अलग हिस्सों से ऐसी कई वीभत्स घटनाएं सामने आई हैं, जहां बेटों-बेटियों ने तुच्छ कारणों से माता-पिता की हत्या करने में संकोच नहीं किया। इन घटनाओं में जो समान सूत्र दिखता है, वह है—पारिवारिक संवाद का अभाव, रिश्तों में तनाव और सहनशीलता का क्षरण।
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के मोरना गांव में दो सगी बहनों ने अपने पिता की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। पाबंदियां, टोका-टाकी और एक थप्पड़ का अपमान इतना बड़ा हो गया कि जीवन ही समाप्त कर दिया गया। सोशल मीडिया की रीलों में उन्हें आजादी के सपने दिखे, मगर वास्तविकता की जमीन पर वे रिश्तों का मूल्य भूल बैठीं।
राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक इकलौते बेटे ने अपनी मां की हत्या इसलिए कर दी क्योंकि उसने वाई-फाई कनेक्शन कटवा दिया था। यह हत्या उस समय हुई जब घर में बहन की शादी की तैयारियां चल रही थीं। नशे की लत, असफल वैवाहिक जीवन और आभासी दुनिया की लत—इन सबने मिलकर एक बेटे को हत्यारा बना दिया।
दक्षिण भारत के तमिलनाडु के प्रोद्दातुर कस्बे में बेरोजगार इंजीनियर बेटे ने अपनी शिक्षिका मां की गला काटकर हत्या कर दी, क्योंकि उसने पैसे भेजने से इंकार कर दिया था। हत्या के बाद वह सामान्य भाव से टीवी देखता रहा—जैसे कुछ हुआ ही न हो।
महाराष्ट्र के चंद्रपुर और कोल्हापुर जिलों से भी ऐसी घटनाएं सामने आईं, जहां बेटों ने शराब के लिए पैसे न मिलने या मनपसंद सब्जी न बनने पर मां की हत्या कर दी। कहीं 300 रुपये के लिए मां की जान ली गई, तो कहीं नशे के उन्माद में रिश्तों को तार-तार कर दिया गया।
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक बेटी ने अपने पिता की हत्या इसलिए कर दी क्योंकि उसे उनकी रोक-टोक स्वीकार नहीं थी।
इन घटनाओं के अपराधी अधिकतर वही उम्र वर्ग हैं, जिन्हें ‘जेन-जी’ कहा जाता है—सोशल मीडिया के साथ बड़े हुए, डिजिटल दुनिया में पले-बढ़े युवा।
यह सच है कि कुछ युवाओं के अपराध के आधार पर पूरी पीढ़ी को कठघरे में खड़ा करना न्यायोचित नहीं। लेकिन यह भी उतना ही सच है कि घटनाओं की आवृत्ति बढ़ रही है। पहले ऐसी घटनाएं अपवाद थीं, अब वे सामाजिक विमर्श का हिस्सा बनती जा रही हैं।
आज की पीढ़ी चौबीसों घंटे वर्चुअल संपर्क में रहती है, लेकिन वास्तविक रिश्तों से दूर होती जा रही है। असल और आभासी दुनिया की लक्ष्मण रेखा धुंधली पड़ चुकी है। सहनशीलता का स्तर शून्य की ओर बढ़ रहा है। आवेश, क्रोध और असंतोष का विस्फोट क्षणिक नहीं, कई बार सुनियोजित और पश्चातापविहीन दिखाई देता है।
भारतीय समाज में माता-पिता को देवतुल्य माना गया है। ‘बुढ़ापे की लाठी’ और ‘वृद्धावस्था का सहारा’ जैसे मुहावरे हमारी सांस्कृतिक स्मृति का हिस्सा रहे हैं। संयुक्त परिवारों में बुजुर्ग अनुभव, मार्गदर्शन और संस्कार के केंद्र होते थे। वे परिवार की धुरी थे, बोझ नहीं।
लेकिन एकल परिवारों के बढ़ते चलन में बुजुर्गों की भूमिका सीमित होती गई। व्यस्त जीवनशैली, आर्थिक दबाव और निजी स्वतंत्रता की आकांक्षा ने पीढ़ियों के बीच दूरी बढ़ाई। संवाद कम हुआ, अपेक्षाएं बढ़ीं और परिणामस्वरूप तनाव ने जगह बना ली।
यह भी सच है कि नई पीढ़ी पर पुराने मूल्य जबरन थोपना समाधान नहीं। समय बदलता है, सोच बदलती है। लेकिन परिवार संस्था को बचाए रखने का आग्रह दुराग्रह नहीं हो सकता। व्यक्ति से परिवार, परिवार से समाज और समाज से राष्ट्र का निर्माण होता है। यदि जड़ों को ही काट दिया जाएगा तो वृक्ष कितना भी हरा क्यों न दिखे, टिक नहीं पाएगा।
मनोवैज्ञानिकों के अनुसार युवाओं में बढ़ती आक्रामकता और अवसाद के कई कारण हैं—सोशल मीडिया का अत्यधिक प्रभाव, त्वरित संतुष्टि की आदत, वास्तविक जीवन की चुनौतियों से बचने की प्रवृत्ति, पारिवारिक संवाद का अभाव, भावनात्मक असंतुलन और निरंतर तुलना की मानसिकता। वर्चुअल दुनिया में ‘लाइक’ और ‘फॉलो’ से मिलने वाला क्षणिक सुख वास्तविक जीवन की जिम्मेदारियों से टकराता है तो निराशा जन्म लेती है। यही निराशा कई बार घातक रूप ले लेती है।
सवाल केवल यह नहीं कि मां-बाप को सतर्क रहना चाहिए या नहीं। असली प्रश्न यह है कि परिवारों को फिर से संवादशील और संवेदनशील कैसे बनाया जाए। आदेश और उपदेश की जगह संवाद और सहभागिता को बढ़ावा देना होगा। तकनीक का संतुलित उपयोग सुनिश्चित करना परिवार की सामूहिक जिम्मेदारी बने। यदि साथ रहना संभव न हो, तो भी रिश्तों की निकटता बनाए रखने के प्रयास हों। दादा-दादी, नाना-नानी से जुड़ाव बच्चों में संवेदना और धैर्य का विकास करता है। स्कूलों और घरों में मानसिक स्वास्थ्य पर खुलकर चर्चा हो।
कल्पना कीजिए उस समाज की, जहां रिश्तों का कोई अर्थ न बचे, जहां हर व्यक्ति केवल अपने सुख-दुख तक सीमित हो जाए। यह स्थिति अराजकता की ओर ले जा सकती है। मनुष्य का मनुष्य पर से विश्वास उठ जाना किसी भी सभ्य समाज के लिए सबसे बड़ी त्रासदी है।
लखनऊ की घटना एक भयावह बानगी है, चेतावनी भी। जरूरत है कि हम इसे सनसनी की तरह न लें, बल्कि आत्ममंथन का अवसर बनाएं। परिवार केवल खून का रिश्ता नहीं, संस्कारों और संवेदनाओं की साझी विरासत है।
यदि हमें आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित, संतुलित और संवेदनशील बनाना है, तो संयुक्तता, संवाद और सहनशीलता को फिर से सामाजिक मूल्यों के केंद्र में लाना होगा। वरना वह दिन दूर नहीं जब घर ही सबसे असुरक्षित स्थान बन जाए—और यह किसी भी सभ्य समाज के लिए सबसे बड़ा संकट बने।
|
आज का राशिफल

पूर्व नियोजित कार्यक्रम सरलता से संपन्न हो जाएंगे। जोखिम से दूर रहना ही बुद्घिमानी होगी। शुभ कार्यों की प्रवृत्ति बनेगी और शुभ समाचार भी मिलेंगे। किसी से कहा सुनी न हो यही ध्यान रहे। अपना कार्य दूसरों के सहयोग से बना लेंगे। लाभकारी गतिविधियों में सक्रियता रहेगी। शुभांक-1-4-6

आज का मौसम

भोपाल

16° / 26°

Rainy

ट्रेंडिंग न्यूज़

मैक्रों ने बढ़ाई नौसैनिक तैनाती, ईरान प्रभावित देशों की सुरक्षा करेगा फ्रांस

फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों ने पूर्वी भूमध्यसागर और लाल सागर में नौसैनिक तैनाती बढ़ाकर ईरान के हमलों से प्रभावित देशों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का ऐलान किया।

ट्रंप ने दी ईरान को चेतावनी, होर्मुज स्ट्रेट बंद करने पर कर सकता है कड़ा हमला

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेताया कि यदि ईरान होर्मुज स्ट्रेट बंद करता है तो अमेरिका अत्यधिक शक्तिशाली कार्रवाई करेगा और वैश्विक तेल आपूर्ति प्रभावित हो सकती है।

तुर्किये ने उत्तरी साइप्रस में तैनात किए छह एफ-16 विमान

अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच संघर्ष के बीच तुर्किये ने उत्तरी साइप्रस में छह एफ-16 लड़ाकू विमान और वायु रक्षा प्रणाली तैनात कर इलाके की सुरक्षा मज़बूत की है।

कूनो राष्ट्रीय उद्यान में मादा चीता ज्वाला ने जन्म दिए पांच शावक

कूनो राष्ट्रीय उद्यान में नामीबियाई मादा चीता ज्वाला ने पांच शावकों को जन्म देकर भारत में चीतों की संख्या 53 कर दी।

पश्चिम एशिया संकट से रुपये का दबाव, 92.35 पर पहुंची मुद्रा

पश्चिम एशिया में तनाव और कच्चे तेल की तेजी के कारण रुपये डॉलर के मुकाबले अपने अब तक के सबसे निचले स्तर 92.35 पर पहुंच गया।