पूर्वी सिंहभूम, 11 मार्च।
जुगसलाई थाना क्षेत्र में ट्यूशन पढ़ाने वाले एक शिक्षक द्वारा दो छोटे बच्चों के साथ मारपीट करने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि परीक्षा में कम अंक आने से नाराज़ शिक्षक ने दोनों बच्चों को बेरहमी से पीट दिया। इस घटना में एक बच्ची की उंगली टूट गई, जबकि दोनों बच्चों के शरीर पर चोट के कई निशान पाए गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार जुगसलाई निवासी तैयबा के बच्चे गुलाम गौश और मायरा फिरदौस स्थानीय शिक्षक प्रभात के पास ट्यूशन पढ़ने जाते थे। दोनों बच्चे बेलडीह चर्च स्कूल के छात्र हैं। सोमवार को स्कूल में परीक्षा परिणाम घोषित किया गया था। इसके अगले दिन मंगलवार को दोनों बच्चे अपना रिजल्ट लेकर ट्यूशन शिक्षक के पास पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि जैसे ही शिक्षक प्रभात ने बच्चों के कम अंक देखे, वह गुस्से में आ गया और दोनों को डंडे तथा हाथों से बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। मारपीट इतनी ज्यादा थी कि बच्चों के शरीर पर चोट के गहरे निशान पड़ गए और मायरा फिरदौस की एक उंगली भी फ्रैक्चर हो गई।
बच्चों की मां तैयबा ने बताया कि जब वह शाम के समय ट्यूशन से बच्चों को लेने पहुंचीं तो उनका बेटा बेहद डरा हुआ था और शिक्षक को धक्का देकर उनके पास भाग आया। घर पहुंचने के बाद जब बच्चों की हालत देखी गई तो परिवार के लोग हैरान रह गए। दोनों बच्चों के शरीर पर मारपीट के निशान थे और बेटी की उंगली टूट चुकी थी। इफ्तार के समय बच्चों की हालत देखकर परिवार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना से नाराज परिजनों ने मंगलवार रात जुगसलाई थाना पहुंचकर आरोपी शिक्षक के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बच्चों का प्राथमिक उपचार करवाया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की ओर से छापेमारी भी की जा रही है।



