पूर्वी सिंहभूम, 02 मार्च।
गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित नेताजी सुभाष टेक्निकल ट्रेनिंग फाउंडेशन (एनटीटीएफ) के हॉस्टल में रविवार देर रात एक छात्र का शव फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान आदित्य सिंह के रूप में हुई है, जो मेकाट्रॉनिक्स शाखा का छात्र था और मूल रूप से बिहार के छपरा का निवासी बताया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार छात्र अपने कमरे में था। काफी देर तक दरवाजा बंद रहने और अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर साथियों ने प्रबंधन को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को बुलाया गया। मौके पर पहुंची गोलमुरी थाना पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो छात्र का शव फंदे से लटका मिला।
घटनास्थल को सुरक्षित कर कमरे को सील कर दिया गया है। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या जैसा प्रतीत हो रहा है, हालांकि अन्य संभावनाओं को भी ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। छात्र के मोबाइल और निजी सामान की जांच के साथ सहपाठियों व हॉस्टल प्रबंधन से पूछताछ की जा रही है।
परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और उनके आने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।



