दमोह, 06 मार्च।
दमोह शहर में शुक्रवार को कक्षा दसवीं की परीक्षा देकर बाहर निकले छात्र पर चाकू से हमला हुआ, जिससे छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई।
जानकारी के अनुसार, ऋषि अहिरवार कक्षा दसवीं का छात्र था और ग्राम ईमलाई के शासकीय विद्यालय में पढ़ाई करता था। उसका परीक्षा केंद्र मांगज वार्ड स्थित ओजस्वनी स्कूल में बनाया गया था। परीक्षा समाप्त होने के बाद जब वह बाहर निकला, तो कुछ छात्रों के साथ विवाद हो गया।

विवाद के दौरान एक छात्र ने ऋषि अहिरवार पर चाकू से हमला कर दिया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसे आईसीयू में भर्ती किया, लेकिन अधिक रक्तस्राव के कारण उसकी हालत बिगड़ती गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
छात्र की मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं, घटना को लेकर क्षेत्र में लोगों में आक्रोश भी देखा गया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। नगर पुलिस अधीक्षक एच.आर. पांडे ने बताया कि घायल छात्र और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की गई। पुलिस ने मर्ग कायम किया और आरोपी छात्र की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
घटना के बाद स्कूल परिसर और आसपास के इलाके में पुलिस सतर्कता बढ़ा दी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।



