सिरसा, 07 मार्च।
हरियाणा के सिरसा जिले के डबवाली शहर में एक महिला की गला रेतकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर डबवाली के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार मृतका सुमन अपने पति विक्रम के साथ किराए के मकान में रहती थी। दंपती का एक बेटा भी है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात विक्रम घर आया और बेटे को सौ रुपये देकर खाने की कोई चीज लेने के लिए बाहर भेज दिया।
जब बेटा वापस घर लौटा तो उसने अपनी मां को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा, जबकि विक्रम घर से गायब था। घबराए बेटे ने मकान मालिक कृष्ण कुमार को बुलाया और दोनों मौके पर पहुंचे तो आंगन में सुमन का शव पड़ा हुआ था।
इसके बाद आसपास के लोगों के साथ मिलकर घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और घटना की जांच की जा रही है।


