नैनीताल, 07 मार्च।
जनपद नैनीताल में महिला पर्यटक के साथ दुष्कर्म के प्रयास और लूट की घटना सामने आने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित टैक्सी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई डॉ. मंजुनाथ टी.सी. (एसएसपी नैनीताल) के निर्देशन में की गई।
पुलिस के अनुसार, 5 मार्च 2026 को महिला पर्यटक दिल्ली से देहरादून होते हुए हल्द्वानी आई और वहां से ऑटो लेकर काठगोदाम पहुंची। नैनीताल जाने के लिए टैक्सी किराए पर ली, लेकिन रात करीब 1:30 बजे टैक्सी चालक वाहन को नैनीताल की बजाय सुनसान सड़क की ओर मोड़ दिया। विरोध करने पर उसने महिला के साथ मारपीट की, दुष्कर्म का प्रयास किया और उसका मोबाइल फोन छीन लिया।
पीड़िता ने 6 मार्च की सुबह स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फॉरेंसिक जांच कर साक्ष्य जुटाए और तल्लीताल थाना में मुकदमा दर्ज किया। एसएसपी के निर्देश पर गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, वाहन संख्या और जीपीएस की मदद से आरोपित को भवाली रोड स्थित पाइन्स क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक सिंह बोरा (39 वर्ष), पुत्र नंदन सिंह बोरा, निवासी गुजरौड़ा फतेहपुर, थाना मुखानी, नैनीताल के रूप में हुई। आरोपी की निशानदेही पर पीड़िता का मोबाइल और घटना में इस्तेमाल वाहन भी पुलिस ने बरामद कर लिया।



