खाचरोद, 6 मार्च।
मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के खाचरोद शहर की लंगर कॉलोनी में घर के आंगन में बनी पानी की होद में गिरने से सात वर्षीय मासूम की मौत हो गई। यह घटना गुरुवार शाम की बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस इस मामले को संदिग्ध मानते हुए पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लंगर कॉलोनी निवासी सात वर्षीय ध्रुव पिता धर्मेंद्र (जाति बलाई) घर के आंगन में बनी पानी की होद में गिर गया। कुछ देर बाद परिजनों ने उसे बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि शुक्रवार दोपहर तक बालक का पोस्टमार्टम नहीं हो पाया था।
बताया गया है कि मृतक का परिवार मूल रूप से देवास जिले का रहने वाला है और लगभग एक सप्ताह पहले ही खाचरोद आकर रहने लगा था। जानकारी के मुताबिक बालक अपनी मां के साथ रह रहा था। पारिवारिक विवाद के चलते उसकी मां बच्चे को लेकर खाचरोद आई थी।
सूत्रों के अनुसार महिला को एक पुलिसकर्मी की सहायता से किराये पर कमरा मिला था। घटना की सूचना मृतक के ससुराल पक्ष को दे दी गई है। परिजनों ने पुलिस से कहा कि उनके पहुंचने के बाद ही पोस्टमार्टम कराया जाए। इसी कारण पोस्टमार्टम में देरी हुई और पूरे मामले को लेकर संदेह की स्थिति बनी हुई है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।



