अमेठी, 6 मार्च।
जामो थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग का शव शुक्रवार को गांव के बाहर स्थित एक कुएं में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाकर जांच शुरू कर दी।
जामो थाना क्षेत्र के दुनिया सिंह का पूर्व मजरे बरौलिया गांव निवासी रामआसरे (65) दो दिन पहले किसी काम से घर से निकले थे, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटे। परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। शुक्रवार सुबह गांव के बाहर स्थित एक कुएं में ग्रामीणों की नजर एक शव पर पड़ी।
ग्रामीण जब पास पहुंचे और ध्यान से देखा तो शव की पहचान रामआसरे के रूप में हुई। खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पीआरबी और जामो थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से शव को कुएं से बाहर निकलवाया और उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जिस स्थान पर शव मिला है, उसके नजदीक ही मृतक का खेत भी स्थित है। ऐसे में यह आशंका भी जताई जा रही है कि बुजुर्ग खेत की ओर गए होंगे, लेकिन उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।
थाना प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि बुजुर्ग का शव कुएं से बरामद कर लिया गया है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।


