पूर्वी सिंहभूम, 18 फरवरी।
झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में बुधवार सुबह चेन स्नेचिंग की वारदात सामने आई। साकची थाना क्षेत्र के काशीडीह लाइन नंबर-10 में पूजा करने जा रही एक महिला से बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए।
पीड़िता अनिता चौधरी ने पुलिस को बताया कि वह अपने घर से पीछे स्थित गणेश मंदिर में पूजा के लिए जा रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक पर सवार दो युवक पीछे से आए। पीछे बैठे युवक ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली। घटना इतनी तेजी से हुई कि वह शोर भी नहीं मचा सकीं।
बताया जा रहा है कि छीनी गई चेन का वजन लगभग एक तोला है। घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने पहले से रेकी की हो सकती है। थाना पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।


