पूर्वी सिंहभूम, 28 फरवरी।
साकची थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह सड़क हादसा हुआ, जिसमें पिकअप वैन ने स्कूटी सवार दंपत्ति को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दंपत्ति सड़क पर कुछ दूरी तक घिसटते चले गए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दंपत्ति सब्जी खरीदकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप वैन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर दोनों को टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुँचाया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसे के बाद चालक मौके से भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया और कुछ देर के लिए पिटाई की। पुलिस मौके पर पहुंची और पिकअप वैन जब्त कर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।



