फतेहाबाद, 18 फरवरी।
हरियाणा के फतेहाबाद जिले में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम ने अचानक करवट ले ली। मंगलवार देर रात शुरू हुई बारिश बुधवार सुबह तक रुक-रुक कर जारी रही, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को एक बार फिर हल्की ठंड का अहसास हुआ।
रात के समय बादलों की गड़गड़ाहट के साथ बारिश हुई। सुबह तक आसमान में घने बादल छाए रहे और दोपहर तक धूप नहीं निकली। पिछले सप्ताह तेज धूप के कारण गर्मी का असर बढ़ने लगा था, लेकिन ताजा बारिश और ठंडी हवाओं ने मौसम को सुहावना बना दिया है।
बारिश का रिकॉर्ड (सुबह 8 बजे तक)
-
फतेहाबाद: 5.5 मिमी
-
भट्टूकला: 5.0 मिमी
-
टोहाना: 3.0 मिमी
-
जाखल: 2.0 मिमी
फसलों के लिए फायदेमंद बारिश
कृषि विशेषज्ञों के अनुसार यह बारिश गेहूं और सरसों की फसल के लिए बेहद लाभकारी है। इस समय गेहूं को नमी और कम तापमान की आवश्यकता होती है। बारिश से सिंचाई की जरूरत कम होगी और फसलों की बढ़वार में सुधार आएगा। हालांकि जिन क्षेत्रों में जलभराव हो, वहां किसानों को पानी निकासी का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।
तापमान में आई गिरावट से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों तक बादल छाए रहने और हल्की हवाएं चलने की संभावना है।



